जमशेदपुर: टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक और हादसा हो गया. घटना में बीएन दत्ता एंड कंपनी के एक ठेका मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरातफरी मच गई.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मजदूर बीएन दत्ता एंड कंपनी के अधीन कार्यरत बताए जा रहे हैं. हादसे के तत्काल बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया. दूसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है.
दो दिन में दूसरे ठेका मजदूर की मौत
इस घटना ने इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं क्योंकि दो दिन पूर्व भी टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में हुए हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हुई थी. महज दो दिनों के अंतराल में ठेका मजदूरों से जुड़ी दूसरी जानलेवा घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस कंपनी परिसर पहुंच चुकी है और मामले की जांच कर रही है. पुलिस हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और उस समय मजदूर किस तरह का काम कर रहे थे, इसकी जानकारी जुटा रही है.
फिलहाल मृतक एवं घायल मजदूर की पहचान और हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. कंपनी प्रबंधन का पक्ष भी अभी नहीं मिला है. पुलिस जांच और प्रबंधन की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

