जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की कथित साजिश की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार सभी मिल्लत नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय, गोलघर स्कूल के पास हथियार के साथ जमा हुए थे. छापेमारी के दौरान एक देसी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस और पूर्व की फायरिंग से संबंधित एक खोखा बरामद किया गया है.


सिटी एसपी ललित मीणा के मुताबिक वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व से आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने कुछ सहयोगियों के साथ गोलघर स्कूल के पास मौजूद है. सूचना में सब्बु टाल वाला के बेटों की हत्या की कथित योजना बनाए जाने की बात भी कही गई थी.
सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में टीम गठित की गई. जुगसलाई पुलिस ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया.
सैफ अली समेत पांच गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में सैफ अली उर्फ राज बच्चा, मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाडू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान सैफ अली की कमर से एक देसी पिस्टल बरामद हुई. उसकी मैगजीन में 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस लोड थे. जांच के क्रम में पूर्व में हुई कथित फायरिंग से संबंधित एक खोखा भी बरामद किया गया.
9 अगस्त को मिली थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को सैय्यद रिजवान करीम ने जुगसलाई थाना में आवेदन देकर सैफ अली उर्फ राज बच्चा और उसके सहयोगियों को लेकर शिकायत की थी. शिकायत में सैफ अली तथा उसके साले मो. अल्तमस और मो. समीर पर जान लेने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप लगाए गए थे. पुलिस ने बताया कि सैफ अली पूर्व में जेल भी जा चुका है.
शिकायतकर्ता ने उसके जेल से बाहर आने के बाद अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी. इसके बाद पुलिस मामले की जांच और निरोधात्मक कार्रवाई में जुटी थी.
छत से फायरिंग और वीडियो बनाने का भी आरोप
पुलिस जांच में 26 अगस्त को सैफ अली के मिल्लत नगर स्थित घर की छत पर सहयोगियों के साथ मौजूद रहने और कथित रूप से हथियार के साथ वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल ने भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग की थी. बरामद खोखे को इसी घटना से जोड़कर जांच की जा रही है.
मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 17 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 111/61(2)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.
पुलिस अब कथित हत्या की साजिश की वास्तविकता, बरामद हथियार के स्रोत, पूर्व की फायरिंग और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

