सरायकेला: दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगीयारी की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. इसमें पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन घाट और रावण दहन स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.


प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद DJ अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्रों से किसी प्रकार का ध्वनि प्रसारण नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी. सभी थाना प्रभारी, एसडीओ और सीओ को इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है.
पंडालों में CCTV और अग्निशमन की व्यवस्था अनिवार्य
पूजा समितियों को पंडालों का निर्माण विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर, हाईटेंशन लाइन, गैस गोदाम और अन्य संवेदनशील स्थानों से सुरक्षित दूरी पर करने को कहा गया. ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से बचने तथा पंडाल की मजबूती और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र लेने के निर्देश दिए गए. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश एवं निकास, पर्याप्त चौड़े द्वार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था रखने को कहा गया है. पंडालों में CCTV कैमरे, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन यंत्र तथा पानी और सूखी बालू से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए गए.
विसर्जन घाटों पर गोताखोर और एम्बुलेंस की तैनाती
चिन्हित विसर्जन घाटों पर समतलीकरण, रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोर, पुलिस बल, दंडाधिकारी, चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. आवश्यकता के अनुसार हाइड्रा एवं अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे. पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि, समय और मार्ग के अनुसार ही प्रतिमा विसर्जन करने तथा चिन्हित घाटों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया. रावण दहन स्थलों पर दर्शकों और दहन स्थल के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
भीड़ वाले इलाकों में नो-एंट्री, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
पर्व के दौरान मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नो-एंट्री लागू की जाएगी. बड़े एवं वाणिज्यिक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा. अनधिकृत पार्किंग और यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को पूजा पंडालों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों का पहले ही निरीक्षण करने को कहा है. शहरी क्षेत्रों के साथ शहर को जोड़ने वाले ग्रामीण मार्गों पर भी देर रात तक पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
ड्रंक एंड ड्राइव पर विशेष अभियान, अवैध शराब पर नजर
दुर्गा पूजा के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों के आसपास शराब सेवन पर निगरानी रखी जाएगी. अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा ड्राई-डे के प्रावधानों का पालन कराने का निर्देश दिया गया है.
पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों पर अफवाह, भ्रामक अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील भी की है. ऐसी सामग्री सामने आने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.
सड़क, स्ट्रीट लाइट और झूलते तारों का मुद्दा उठा
बैठक में पूजा समितियों ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत, साफ-सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट, निर्बाध बिजली आपूर्ति, झूलते बिजली तार एवं खंभों की मरम्मत, अवैध पार्किंग तथा विसर्जन घाटों पर हाइड्रा और समतलीकरण से जुड़े मुद्दे उठाए. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को पर्व से पहले नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एसपी ने पूजा समितियों से अपने स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाना प्रभारी को देने और उन्हें पहचान-पत्र उपलब्ध कराने को कहा, ताकि भीड़ नियंत्रण में उनका सहयोग लिया जा सके.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एजाज अनवर, चांडिल एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता, सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
पूजा समिति एवं शांति समिति के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से दुर्गा पूजा और दशहरा संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

