जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के मंडरो हरिजन टोला में कुएं में गिरने से 35 वर्षीय नाई संतोष भंडारी की मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार, गम्हरियाटांड़ गांव निवासी संतोष भंडारी मंडरो गांव में आयोजित छटियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने के लिए घर से निकले थे. मंडरो पहुंचकर काम करने के बाद देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश में जुट गए. इसी दौरान मंडरो हरिजन टोला स्थित एक कुएं में संतोष के गिरने की सूचना मिली.
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद संतोष को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई.
परिजनों ने बताया कि संतोष नाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी आय ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थी. संतोष के चार बच्चे हैं. अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने पुलिस से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

