बोकारो: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत भोजूडीह में तैनात एक मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को कथित रूप से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई 15 सितंबर को की गई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने CBI से शिकायत की थी कि मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा उसकी बीमारी की छुट्टी मंजूर करने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की रणनीति तैयार की.
इसके बाद CBI की टीम ने जाल बिछाया. आरोप के मुताबिक रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जाने थे. जैसे ही आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से यह रकम ली, पहले से मौजूद CBI की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद CBI द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है.

