चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.


पूजा की शुरुआत सोनुआ के मधूपुर स्थित संजय नदी तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद नदी का पवित्र जल कलश में भरकर पूजा स्थल तक लाया गया और कलश स्थापना की गई. श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को धूप, दीप, फल-फूल, वस्त्र, लड्डू और नैवेद्य अर्पित कर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
गणेशोत्सव को लेकर सुबह से बाजारों में भी रौनक रही. पूजन सामग्री, फल और फूल खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी. सोनापोस (पूर्व जगन्नाथ कॉलोनी), चेकनाका, ब्लॉक कॉलोनी, रेलवे स्टेशन परिसर, प्रधान बस्ती और निश्चिंतपुर स्थित दीन दयाल शिशु विद्या मंदिर सहित विभिन्न पूजा पंडालों में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक.

