आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 17 के लिए सोमवार का दिन दोहरी सौगात लेकर आया. काली मंदिर प्रांगण में भव्य शिव मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया. इसी मौके पर नगर निगम की ओर से स्थापित हाईमास्ट लाइट का उद्घाटन भी किया गया. इसके अलावा वार्ड के दो अन्य स्थानों पर लगाई गई हाईमास्ट लाइटों का पार्षद नीतू शर्मा ने स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उद्घाटन किया.


पार्षद नीतू शर्मा ने वार्डवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए शिव मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने सुहागिन महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं भी दीं.

पार्षद ने कहा कि वार्ड की जनता की सेवा उनकी पहली प्राथमिकता है. जनता ने उन्हें दोबारा सेवा का अवसर दिया है, जिसके लिए वह वार्डवासियों की आभारी हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से वार्ड में तीन हाईमास्ट लाइट उपलब्ध कराई गई हैं. इससे प्रमुख स्थानों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था होने के साथ लोगों को रात में आवागमन में सहूलियत मिलेगी.
उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने में भी पुलिस- प्रशासन को मदद मिलेगी और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी.

इससे पूर्व स्थानीय लोगों ने पार्षद नीतू शर्मा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं, पुरुष एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

