जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार को दर्दनाक घटना हुई. यहां 10वीं मंजिल से गिरने से टाटा स्टील के 62 वर्षीय पूर्व अधिकारी संदीप पाल की मौत हो गई. घटना के बाद सोसाइटी में सनसनी फैल गई.


गंभीर अवस्था में संदीप पाल को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया गया कि संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे. सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे. करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर लौटे थे.
परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे. हालांकि 10वीं मंजिल से गिरने की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच का इंतजार किया जा रहा है.
सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

