चांडिल: कपाली ओपी क्षेत्र के मिल्लतनगर में करीब 8 वर्षीय बच्ची दो दिनों से अकेली और परेशान हालत में मिली. बच्ची को मिल्लतनगर आंगनबाड़ी केंद्र के समीप लगातार अकेला देखे जाने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेत्री खैरून निसा अंसारी वहां पहुंचीं और उसकी मदद की. बाद में बच्ची को सुरक्षित कपाली ओपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.


खैरून निसा अंसारी के अनुसार उन्होंने बच्ची से उसका नाम, पता और माता-पिता के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी. बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे पहले सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. उसके गीले और गंदे कपड़े बदलवाकर नए कपड़े उपलब्ध कराए गए तथा भोजन-पानी की व्यवस्था की गई.
इसके बाद बच्ची को कपाली ओपी पुलिस के हवाले किया गया, ताकि उसके माता-पिता अथवा परिजनों का पता लगाकर उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया जा सके.
बच्ची को पहचानते हैं तो पुलिस को दें सूचना
कपाली ओपी पुलिस बच्ची के परिजनों की तलाश में जुटी है. बच्ची से उपलब्ध जानकारी के साथ अन्य माध्यमों से भी उसके परिवार का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई बच्ची को पहचानता है या उसके माता-पिता अथवा रिश्तेदारों के संबंध में जानकारी रखता है तो सीधे कपाली ओपी पुलिस को सूचना दे. बच्ची को स्वयं अपने साथ ले जाने के बजाय पुलिस के माध्यम से ही पहचान और सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी कराई जाए.
स्थानीय स्तर पर खैरून निसा अंसारी की पहल की सराहना की जा रही है. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता बच्ची के परिजनों का पता लगाकर उसे सुरक्षित उनके पास पहुंचाना है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

