जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के समीप सोमवार को सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा और मारपीट हुई. ऑटो चालकों और कार सवार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ देर के लिए सड़क रणभूमि में तब्दील हो गई. घटना में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है.


कार चालक के अनुसार, पहले दो ऑटो की आपस में टक्कर हुई, जिससे एक ऑटो सड़क पर पलट गया. इसी क्रम में दूसरा ऑटो उनकी कार के ऊपर पलट गया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ऑटो चालकों ने मिलकर कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी.
वहीं ऑटो चालकों ने कार चालक के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि उन्होंने कार में टक्कर नहीं मारी थी, बल्कि ऑटो पलटने के कारण घटना हुई. आरोप है कि इसके बाद कार सवार ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में तीन-चार लोग घायल हुए हैं. हालांकि घायल ऑटो चालक हैं या उसमें सवार यात्री, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ऑटो चालकों और कार चालक को पूछताछ के लिए थाने ले गई है. दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है. पुलिस घटनाक्रम और मारपीट की शुरुआत किस पक्ष से हुई, इसका पता लगाने में जुटी है.

