कांड्रा: क्षेत्र में गणेश पूजा को लेकर सोमवार को उत्सवी माहौल रहा. श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा कमिटी, हरिजन कल्याण समिति कांड्रा बस्ती और श्री श्री गणेश पूजा कमिटी, किशोर संघ कांड्रा कॉलोनी की ओर से बनाए गए पूजा पंडालों का पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन ने फीता काटकर उद्घाटन किया.


पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचने पर दोनों पूजा समितियों के सदस्यों ने ढोल-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया. उन्हें गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया गया. इसके बाद चंपाई सोरेन ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
चंपाई सोरेन ने कहा कि गणेश पूजा हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं. उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन की विघ्न-बाधाएं दूर करने और क्षेत्र में खुशहाली बनाए रखने की कामना की. साथ ही पूजा समितियों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन संपन्न कराने की शुभकामनाएं दीं.
हरिजन कल्याण समिति कांड्रा बस्ती के अध्यक्ष मनीष प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है. वहीं किशोर संघ कांड्रा कॉलोनी के अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि आकर्षक पंडाल के साथ गणेशोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं.
उद्घाटन कार्यक्रम में जिप सदस्य पिंकी मंडल, मुखिया शंकरी सिंह, बबलू सोरेन, राम हांसदा, नाचू महंती, बप्पा पात्रो, प्रिंस यादव, भाजपा जिला प्रतिनिधि विद्या सागर दुबे और गम्हरिया प्रखंड मंत्री अशोक सिंह सहित दोनों पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

