जमशेदपुर: मानगो के श्रीकृष्णा उद्यान कॉम्प्लेक्स में SIR कर्मी बनकर घर में घुसने और महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने वारदात में कथित रूप से शामिल एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.


गिरफ्तार आरोपियों में जुगसलाई की तबस्सुम खातून, सिदगोड़ा निवासी अभिषेक कुमार दास, बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर और डिमना रोड निवासी समरेश पॉल शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 20 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया है.
सिटी एसपी के अनुसार 31 अगस्त को आरोपी कथित तौर पर SIR/जनगणना कर्मचारी बनकर महिला के घर पहुंचे थे. विश्वास में लेकर घर में प्रवेश करने के बाद महिला को बंधक बनाया और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
पुलिस ने अनुसंधान के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक राकेश बहादुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. अभिषेक कुमार दास के खिलाफ एक और समरेश पॉल के खिलाफ दो मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

