जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 13 एवं 14 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक समावेशन, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.

कार्यक्रम के पहले दिन वाद- विवाद एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई. वाद- विवाद प्रतियोगिता में तौहीद खान ने प्रथम, पायल शीत ने द्वितीय और जीगिशा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में विभा महतो प्रथम और जीगिशा कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं.
दूसरे दिन मुख्य अतिथि स्वावलंबी झारखंड माइक्रो वेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने व्याख्यान देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उन्हें अपने जीवन में अपनाना चाहिए. उन्होंने समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया. इस अवसर पर कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक है. वहीं कुलपति प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि अंबेडकर जयंती आत्ममंथन का अवसर है और छात्रों को संविधान के मूल्यों को व्यवहार में लाना चाहिए.
कार्यक्रम में कुलसचिव नागेंद्र सिंह एवं प्रशासनिक अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान ने भी अपने विचार रखे और वर्तमान समय में बाबासाहेब के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला.
यह आयोजन विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं, शिक्षकों और पदाधिकारियों ने भाग लिया. कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. राजनीति विज्ञान विभाग ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया. यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ.

