सरायकेला: जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतारामपुर डैम रोड पर रविवार को रफ़्तार का कहर देखने को मिला. जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा घुसी. हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को झाड़ियों से बाहर निकालकर इसकी सूचना पुलिस को दी.


बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर JH05EF-5997 है. घायल युवक कुलुपटांगा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक द्वारा बाइक से स्टंट किए जाने का भी दावा किया है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हादसे में युवक को ज्यादा गंभीर चोटें आने की सूचना है. घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

