चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमिरता गांव में शनिवार देर रात लूट के दौरान अपराधियों ने एक बर्तन व्यापारी को पेट में सटाकर गोली मार दी. गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के दौरान घायल व्यापारी और उसके साथियों ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया.


घायल व्यापारी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है. सुरजीत अपने साले संजय दास और कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमिरता में किराए की दुकान लेकर डेगची बेचने का कारोबार करते हैं.
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे दो नकाबपोश अपराधी दुकान में घुसे और अंदर से शटर गिरा दिया. हथियार के बल पर रुपये की मांग करते हुए अपराधियों ने दुकान में रखे करीब 50 हजार रुपये लूट लिए. जब सुरजीत और उनके साथियों ने विरोध किया तो एक अपराधी को पकड़ लिया गया. खुद को घिरता देख अपराधी ने सुरजीत के पेट में सटाकर गोली चला दी.
गोली लगने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने अपराधी को नहीं छोड़ा. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने भी मदद की और आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी.
मनोहरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लिया. घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की गई है. पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

