जामताड़ा: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ईस्टर्न रेलवे ने अलग-अलग मार्गों पर 10 पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इनमें कई ट्रेनें जामताड़ा, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह होकर गुजरेंगी। इन ट्रेनों के परिचालन से झारखंड और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों में आरक्षण की तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।


आसनसोल-पटना के बीच प्रत्येक रविवार स्पेशल ट्रेन
03511 आसनसोल-पटना पूजा स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। ट्रेन आसनसोल से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर रात 8:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 03512 पटना-आसनसोल पूजा स्पेशल प्रत्येक रविवार रात 9:55 बजे पटना से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आसनसोल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा।
आसनसोल-गोरखपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन
03527 आसनसोल-गोरखपुर पूजा स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 1:20 बजे आसनसोल से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03528 गोरखपुर-आसनसोल पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार सुबह 6 बजे गोरखपुर से चलेगी और रात 8:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह में ठहराव रहेगा।
हावड़ा-रक्सौल के बीच दो जोड़ी पूजा स्पेशल
03041 हावड़ा-रक्सौल पूजा स्पेशल 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार रात 11 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:15 बजे रक्सौल पहुंचेगी। वापसी में 03042 रक्सौल-हावड़ा स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार शाम 5:45 बजे रक्सौल से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
इसके अलावा 03043 हावड़ा-रक्सौल पूजा स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और 03044 रक्सौल-हावड़ा स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी। दोनों जोड़ी ट्रेनों का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
सियालदह से पटना, सीतामढ़ी और गोरखपुर के लिए स्पेशल ट्रेनें
03135 सियालदह-पटना पूजा स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन सात फेरे लगाएगी। वापसी में 03136 पटना-सियालदह पूजा स्पेशल भी प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
03133 सियालदह-सीतामढ़ी पूजा स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और 03134 सीतामढ़ी-सियालदह स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। दोनों दिशाओं में आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
03131 सियालदह-गोरखपुर पूजा स्पेशल 13 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। वापसी में 03132 गोरखपुर-सियालदह स्पेशल प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में नैहाटी, बंदेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
कोलकाता-मधुबनी के बीच भी दो जोड़ी ट्रेनें
03185 कोलकाता-मधुबनी पूजा स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और 03186 मधुबनी-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक बुधवार को चलेगी। वहीं 03187 कोलकाता-मधुबनी स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और 03188 मधुबनी-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
मालदा टाउन-दीघा के बीच भी पूजा स्पेशल
03465 मालदा टाउन-दीघा पूजा स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और 03466 दीघा-मालदा टाउन स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, पाकुड़, रामपुरहाट, सैंथिया, बोलपुर शांतिनिकेतन, बर्द्धमान और दानकुनी स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के अनुसार, इन पूजा स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए जनरल सेकेंड क्लास, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेनों में आरक्षण शुरू होने की तारीख की घोषणा रेलवे की ओर से जल्द की जाएगी।
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

