जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज लूट की घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई. फतेहपुर बाजार स्थित एक ज्वेलर्स कारोबारी को बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया.

जानकारी के अनुसार फतेहपुर बाजार स्थित बर्मा ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत बर्मा शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान फतेहपुर बस स्टैंड स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया.
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने कारोबारी को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और लूट की घटना को अंजाम दिया. घटना के समय बाजार में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी और कई दुकानें भी खुली थीं, बावजूद इसके अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद पूरे फतेहपुर बाजार में भय और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल लूटे गए नकदी या सामान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है.
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. वहीं पुलिस जल्द मामले के खुलासे का दावा कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



