जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने बाइक और स्कूटी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने अब तक 25 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शनिवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया.


ग्रामीण एसपी ने बताया कि 24 अगस्त को गुड़ाबांदा पुलिस ने 17 मोटरसाइकिल बरामद कर तीन आरोपियों को जेल भेजा था. पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने के बाद मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में SIT गठित की गई. तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने मुसाबनी के कटकी मैदान के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा. उनकी निशानदेही पर आठ और मोटरसाइकिल-स्कूटी बरामद की गईं.
पुलिस के अनुसार गिरोह जमशेदपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों और दूसरे जिलों से वाहन चोरी कर ग्रामीण इलाकों में बेचता था. पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है.

