सरायकेला-खरसावां: पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान की उपलब्धियों का आंकड़ा जारी किया है. पुलिस के मुताबिक विभिन्न मामलों में कुल 164 गिरफ्तारियां की गई हैं. कार्रवाई के दौरान 15 हथियार और 812 कारतूस बरामद किए गए हैं.


पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार लंबित मामलों में भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है. 457 NBW (गैर-जमानती वारंट) का निष्पादन किया गया, जबकि 9 स्थायी वारंट का निष्पादन हुआ है.
नशे के कारोबार पर कार्रवाई, अफीम और ब्राउन शुगर बरामद
नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में पुलिस ने NDPS से संबंधित मामलों में 7.5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम ब्राउन शुगर की बरामदगी दिखाई गई है. ये आंकड़े जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को दर्शाते हैं.
विभिन्न कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 75 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. वहीं लापता व्यक्तियों की तलाश के अभियान में 62 लोगों को सकुशल बरामद करने की उपलब्धि दर्ज की गई है.
सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक ने इन उपलब्धियों के साथ संदेश दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. पुलिस ने अपने अभियान को “सेवा, सुरक्षा, विश्वास” के संकल्प से जोड़ा है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

