सरायकेला/ Pramod Singh खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के तत्वावधान में आयोजित अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुआ. उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

अपने संबोधन में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला- खरसावां जिला कला के साथ- साथ खेल के क्षेत्र में भी तेजी से पहचान बना रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की अपील की.

उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप भी खिलाड़ियों के हौसले को नहीं रोक सकती. खासकर बेटियों का उत्साह, साहस और आत्मविश्वास समाज के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने बताया कि हाल ही में तीन नए खेल मैदानों का शुभारंभ किया गया है, जहां अब नियमित रूप से प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच देने की है. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से आई बालिकाओं के प्रदर्शन की सराहना की. प्रतियोगिता के तहत फुटबॉल, वॉलीबॉल और तीरंदाजी मुकाबलों का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.
वॉलीबॉल में गम्हरिया का दबदबा
अंडर-14 वर्ग में केपीएस गम्हरिया ने गम्हरिया गर्ल्स को हराकर खिताब जीता. वहीं अंडर-17 वर्ग में भी केपीएस गम्हरिया ने बालिका सनसनी को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया.
फुटबॉल में नीमडीह चैंपियन
फुटबॉल अंडर-14 वर्ग में गम्हरिया इलेवन ने खिताब जीता. जबकि अंडर-17 वर्ग में नीमडीह की टीम ने फाइनल में खरसावां कस्तूरबा को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.
कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता के अगले चरण में कबड्डी और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा.
अंत में मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना जरूरी है और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए पूरा अवसर मिलना चाहिए.

