जमशेदपुर: शहर में नशीले पदार्थों के कथित अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस ने चिंता जताई है. संगठन ने प्रशासन को आवेदन सौंपकर नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है.


महिला कांग्रेस का कहना है कि नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता युवाओं के भविष्य के साथ उनके परिवारों को भी प्रभावित कर रही है. ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
संगठन ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ स्कूल-कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है. साथ ही नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के लिए व्यापक नशा मुक्ति अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया है.
महिला कांग्रेस ने प्रशासन से इस मुद्दे पर तत्काल प्रभावी कदम उठाकर शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की अपील की है.

