जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इसकी जानकारी शुक्रवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ओल्ड पुलिया रोड के पास एक व्यक्ति द्वारा मारपीट और हथियार लहराने की घटना को अंजाम दिया गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी शेख सारिक इमाम उर्फ आयान (23 वर्ष) और उसके सहयोगी मो. सलमान (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा गोली बरामद की गई.
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शेख सारिक इमाम उर्फ आयान का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं. इस संबंध में आज़ादनगर थाना कांड संख्या 30/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को दबोचने में सफलता हासिल की.

