बोकारो: बीएसएल में नौकरी की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे बेरोजगार अप्रेंटिस युवाओं ने शनिवार को बोकारो डीसी कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया. युवाओं का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से उन्हें बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है.


आंदोलनकारियों के अनुसार, बीएसएल प्रबंधन के साथ कई बार वार्ता हुई और अलग-अलग मौकों पर मांगों को लेकर आश्वासन भी दिया गया. इसके बावजूद तय बातों पर अमल नहीं होने से अप्रेंटिस युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद नौकरी से जुड़ा कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया. इसी कारण उन्होंने इस बार डीसी कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा डीसी कार्यालय परिसर के बाहर जुटे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की.
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रह सकता है.
युवाओं ने प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन से मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

