सरायकेला: कुचाई प्रखंड क्षेत्र के बारुहातु निवासी एवं वकास्त मुंडारी खुंटकट्टी एवं विकास समिति 39 मौजा दलभंगा के ग्राम मुंडा स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के श्राद्ध कर्म एवं संस्कार भोज में शुक्रवार को समाजसेवी बासंती गागराई शामिल हुईं. उन्होंने स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.


खरसावां विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी बासंती गागराई ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि चतुर्भुज सिंह मुंडा समाज के सम्मानित व्यक्ति थे. गांव, समाज और परंपरागत व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा समाज की एकता, संस्कृति और अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय रहे. उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और मार्गदर्शक व्यक्तित्व को खो दिया है. समाज सेवा और जनहित में किए गए उनके कार्यों को लोग याद रखेंगे.
बासंती गागराई ने कहा कि ग्रामीणों को एकजुट रखने और सामाजिक परंपराओं को संरक्षित करने में स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा का योगदान महत्वपूर्ण रहा. उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे.
श्राद्ध कर्म एवं संस्कार भोज में समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, मुन्ना सोय, मुखिया करम सिंह मुंडा, चंद्र मोहन मुंडा, मोतीलाल मुंडा, राहुल सोय, सुनील सोय, दिशूम गागराई समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

