
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-34 की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को भाजपा नेता एवं युवा समाजसेवी दीपक सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों की ओर से बिजली, सड़क, नाली, जलनिकासी, पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा शीघ्र समाधान की मांग की.


दीपक सिंह ने महापौर को बताया कि वार्ड-34 के कई इलाकों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कई सड़कों की स्थिति भी जर्जर हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
उन्होंने वार्ड में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने की भी मांग रखी. साथ ही कहा कि वार्ड की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान जनहित में जल्द होना आवश्यक है.
महापौर संजय सरदार ने दीपक सिंह की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का बिंदुवार संज्ञान लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी.
मुलाकात के बाद दीपक सिंह ने महापौर के सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वार्ड-34 के लोगों को जल्द ही इन समस्याओं से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि वे आगे भी क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे, ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें.
Edited By Sarita





