जमशेदपुर: पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है. क्लब ने अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क चिकित्सीय सुविधा की शुरुआत की है. इसके तहत सदस्यों को संबंधित चिकित्सकों की ओपीडी सेवा निःशुल्क मिलेगी. वहीं विभिन्न जांच और उपचार में भी निर्धारित छूट का लाभ मिलेगा. इस सुविधा से अब तक 13 चिकित्सक जुड़ने की सहमति दे चुके हैं.



शनिवार को बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस सभागार में मेडिकल बुक विमोचन सह वितरण समारोह का आयोजन किया गया. चिकित्सकों और प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मेडिकल बुक का विमोचन किया. इस मौके पर डॉ. आर. कुमार, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. केतन वर्मा, डॉ. आर.के. सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, महासचिव विकास श्रीवास्तव और सह सचिव अमित तिवारी मौजूद रहे.
प्रेस क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल बुक क्लब के सदस्यों और उनके आश्रितों के लिए चिकित्सीय सुविधा प्राप्त करने का माध्यम होगी. इसके जरिए संबंधित चिकित्सकों की ओपीडी सेवा निःशुल्क प्राप्त की जा सकेगी. साथ ही जांच और उपचार में चिकित्सकों द्वारा निर्धारित छूट भी दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 13 चिकित्सकों ने इस सेवा से जुड़ने की सहमति दी है. आने वाले समय में और चिकित्सकों तथा चिकित्सा संस्थानों को इस सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
चिकित्सीय सुविधा के अलावा जांच और फिजियोथैरेपी सेवाओं को भी इसमें शामिल किया गया है. साकची स्थित ट्रू केयर, फर्स्ट स्टेप फिजियोथैरेपी तथा मानगो स्थित आर.के. फिजियोथैरेपी ने भी प्रेस क्लब के सदस्यों एवं उनके आश्रितों को निर्धारित छूट पर सेवा उपलब्ध कराने की सहमति दी है.
कार्यक्रम में डॉ. राजीव ठाकुर ने प्रेस क्लब की पहल की सराहना की और इसे पत्रकारों के लिए उपयोगी कदम बताया. वहीं डॉ. आर. कुमार ने इस सुविधा को अस्पतालों से जोड़ने की दिशा में भी पहल करने का सुझाव दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर पत्रकारों और उनके परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
डॉ. केतन वर्मा और डॉ. आर.के. सिंह ने भी प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने कहा कि जमशेदपुर प्रेस क्लब अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए विधिवत चिकित्सीय सुविधा शुरू करने वाला पहला प्रेस क्लब है. उन्होंने कहा कि यह अभी शुरुआत है और भविष्य में अधिक चिकित्सकों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को इससे जोड़ा जाएगा.
उन्होंने कहा कि पत्रकार लगातार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सामने लाने का काम करते हैं. ऐसे में अपने सदस्यों और उनके परिवारों के कल्याण का ध्यान रखना भी क्लब की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य जयनंदन शर्मा को पहली मेडिकल बुक प्रदान की गई. इसके साथ ही मेडिकल बुक वितरण की औपचारिक शुरुआत हुई.
धन्यवाद ज्ञापन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने किया. उन्होंने चिकित्सीय सुविधा के लिए सहमति देने वाले सभी चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों के प्रति आभार जताया.
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कुलविंदर सिंह, प्रमोद झा, अरविंद श्रीवास्तव, चंद्रशेखर, मनीष सिन्हा, आकाश, सानू, अजित, तारकेश्वर सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे.





