सरायकेला: कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित बिरसा स्टेडियम में शुक्रवार को अंडर-17 खेलो झारखंड प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. पुरुष वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय (UMS) बाईडीह और महिला वर्ग में +2 हाई स्कूल कुचाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया.


पुरुष वर्ग में UMS बाईडीह की टीम प्रथम रही, जबकि हाई स्कूल गालुडीह ने दूसरा स्थान हासिल किया. महिला वर्ग में +2 हाई स्कूल कुचाई विजेता बना, जबकि हाई स्कूल गोपीडीह की टीम उपविजेता रही.
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरा दमखम दिखाया. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षकों और खेल से जुड़े कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) संजय कुमार जोशी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारना चाहिए.
इस दौरान बीईईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहीर कुमार दास, सीआरपी राजेश प्रधान, राजकुमार महतो, राजेंद्र गुंदुवा, हरिश चंद्र लटनिया, शिक्षक अरविंद कुमार, मंगल सिंह बेसरा, रूद्र प्रताप महतो, कुशल सिंह सोय, रमेश बांकिरा, श्रीकांत महतो, प्रदीप कुमार महतो, मंजू पुरती, लीला कुमारी, उत्तम प्रधान, सुखराम कुम्हार, रूईया गोप, सीता सोरेन, वंदना दास समेत शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित थे.

