रामगढ़: कोयला कारोबारियों से कथित रूप से लेवी और रंगदारी की रकम वसूलकर भाग रहे राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिद्दी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है.


पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो युवक काले रंग की पल्सर बाइक से कोयला कारोबारियों से लेवी की रकम वसूलने के बाद रामगढ़ की ओर भाग रहे हैं. सूचना मिलते ही गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्धों का पीछा शुरू किया. टोंगी-गिद्दी मेन रोड के समीप पुलिस ने दोनों युवकों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ कैंट के सौदागर मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय मन्नु कुमार साव और रामगढ़ के कोरीटोला मुंडा टोली निवासी करीब 18 वर्षीय अविनाश कुमार के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, दो VIVO मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH24M-6620 बरामद की है. पुलिस बरामद नकदी और मोबाइल फोन के संबंध में आगे की जांच कर रही है.
मामले में गिद्दी थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित लेवी वसूली में गिरोह के और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्षेत्र के किन कारोबारियों को निशाना बनाया गया था. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.

