कांड्रा: थाना क्षेत्र के कांड्रा मोड़ पर बुधवार शाम एक ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी. हादसे में हरिहरपुर निवासी पोलूस बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना में उनके हाथ में गंभीर चोट लगी और हड्डी बाहर निकल गई.


बताया जा रहा है कि पोलूस बोदरा साइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान ट्रक संख्या JH 05CE 8956 ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीर और ग्रामीण तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे. गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल भेजा गया.
घटना के बाद संबंधित ट्रक को कांड्रा टोल प्लाजा पर रोक लिया गया. हालांकि ट्रक रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

