सरायकेला: खरसावां प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में संचालित समग्र शिक्षा अभियान (SSA) एवं मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के सामाजिक अंकेक्षण के दौरान चिह्नित मुद्दों एवं शिकायतों के समाधान को लेकर बुधवार को बीआरसी भवन खरसावां में प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने की.


जनसुनवाई में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुपाईसाई, राजकीय बुनियादी विद्यालय बड़ाबांबो, प्राथमिक विद्यालय आनंदडीह, प्राथमिक विद्यालय बिंदीराम, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय खरसावां एवं प्राथमिक विद्यालय आसनतलिया सहित संबंधित विद्यालयों के सामाजिक अंकेक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई.
कार्यक्रम में सोशल ऑडिटर मंजू तियू एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने सामाजिक अंकेक्षण में सामने आए मामलों की समीक्षा की. विद्यालयों की आधारभूत संरचना, पेयजल, शौचालय, परिसर की साफ-सफाई, छात्र नामांकन एवं उपस्थिति के साथ मध्याह्न भोजन योजना के संचालन, खाद्यान्न की उपलब्धता और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया.
प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करना है. विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र हैं, इसलिए शिक्षा और पोषण से जुड़ी योजनाओं के संचालन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अंकेक्षण में सामने आई शिकायतों एवं सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.
सोशल ऑडिटर मंजू तियू ने सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया और निष्कर्षों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय स्तर से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को संकलित कर जनसुनवाई में रखा गया. उन्होंने कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी से योजनाओं की निगरानी प्रभावी होने के साथ उनकी गुणवत्ता में भी सुधार आता है.
बीईईओ संजय कुमार जोशी ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण में सामने आए मुद्दों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं शिक्षकों से बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाने पर जोर दिया.
जनसुनवाई में बीपीओ रूकमनी हांसदा, बीआरपी राजेंद्र गोप, सीआरपी सुभाष प्रधान, गोपाल चंद्र सतपति सहित ज्यूरी सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे.

