चाईबासा: सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव में शुक्रवार को नदी में डूबने से हुई युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. ग्रामीणों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. मंगलवार को मुखिया गुणवंत नायक के नेतृत्व में 50 से अधिक ग्रामीण सोनुआ थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की गहराई से जांच करने की मांग की.


ग्रामीणों का कहना है कि युवक की मौत सामान्य रूप से नदी में डूबने से नहीं हुई होगी. उन्होंने आशंका जताई कि युवक की हत्या करने के बाद शव नदी में फेंका गया हो सकता है. हालांकि ग्रामीणों की इस आशंका की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. ग्रामीणों ने पुलिस से सभी पहलुओं पर जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाने और यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में बालजोड़ी गांव में लगातार हो रही चोरी और संदिग्ध गतिविधियों का मुद्दा भी उठाया. उनका आरोप है कि पूर्व में पुलिस को शिकायत देने के बावजूद चोरी की घटनाओं का उद्भेदन नहीं होने से ग्रामीणों में भय और नाराजगी बढ़ रही है.
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दिनों गांव से एक युवक की स्कूटी चोरी हुई थी. इसके अलावा ट्रैक्टर की बैटरी, सोलर जलमीनार से सोलर पंप स्टार्टर और घरों में चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सोमवार रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कई घरों के दरवाजे पीटे जाने की घटना भी हुई, जिससे गांव में दहशत का माहौल है.
मुखिया गुणवंत नायक के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस से युवक की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच के साथ गांव में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन करने और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की. ग्रामीणों ने शिकायत पत्र की प्रतिलिपि क्षेत्र के सांसद और विधायक को भी सौंपने की बात कही है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

