जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र में शादी का भरोसा देकर 23 वर्षीय युवती से संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर मिहिजाम थाना पुलिस ने कांड संख्या 67/2026 के तहत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. मामला 7 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है.


कानगोई लिलानगर निवासी युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल स्थित बर्नपुर शांतिनगर निवासी मानस साव ने उससे शादी करने का वादा किया था. युवती का आरोप है कि शादी के भरोसे पर उसके साथ संबंध बनाए गए, लेकिन बाद में मानस साव शादी से मुकर गया.
पीड़िता की शिकायत के आधार पर मानस साव के अलावा उसके बड़े भाई अजय साव और मामा के बड़े बेटे सिंदु साव को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है. शिकायत में घटनास्थल मिहिजाम थाना क्षेत्र का कानगोई बताया गया है.
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 318 और 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. अनुसंधान की जिम्मेदारी मिहिजाम थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश सेठ को सौंपी गई है.
फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. अनुसंधान में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

