जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है. बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कलियाडिंगा चौक के समीप पुलिस ने छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 113 पैकेट में करीब 113 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त टाटा कार जब्त की गई है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है.


मंगलवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से कार के जरिए गांजे की बड़ी खेप पश्चिम बंगाल के खड़गपुर ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहरागोड़ा के कलियाडिंगा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका. तलाशी के दौरान कार से 113 पैकेट में करीब 113 किलो गांजा बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओडिशा के पुरी जिले के निमापाड़ा थाना क्षेत्र निवासी पिनकन स्वाइं के रूप में हुई है. पुलिस ने गांजे के साथ कार को भी जब्त कर लिया है.
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाल रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से उठाई गई थी और खड़गपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

