जमशेदपुर: कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा जंगल में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार, दो स्टील पाइप, चार मोबाइल फोन और हत्या के एवज में दिए गए पैसों में से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.


पुलिस के अनुसार 1 सितंबर की सुबह करीब सात बजे बानाकाटा जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कोवाली थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस हत्या की साजिश से जुड़े आरोपियों तक पहुंची. 6 सितंबर को कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा निवासी मिंटू साव, कोवाली के बड़ा बागलाता निवासी सुंदर दास और आकाश दास तथा सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी परशुराम दास को गिरफ्तार किया गया.
*कार और स्टील पाइप बरामद*
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सफेद रंग की Maruti XL6 कार, हत्या में प्रयुक्त दो स्टील पाइप, चार एंड्रॉयड मोबाइल और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक नकदी हत्या के एवज में दिए गए पैसों का हिस्सा है. इससे मामले में सुपारी देकर हत्या कराए जाने की आशंका भी सामने आ रही है, जिसकी कड़ियों की जांच जारी है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार मिंटू साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2023 में पोटका थाना में हत्या एवं साक्ष्य छिपाने से संबंधित मामला दर्ज है.
पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश, हत्या की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

