चाईबासा: JPSC और CGL भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज FIR को लेकर भाजपा ने आंदोलन तेज करने की तैयारी की है. इसी कड़ी में 11 सितंबर को चाईबासा के पुराने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.


आंदोलन की तैयारी को लेकर पूर्व विधायक गुरुचरण नायक और आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने संयुक्त रूप से बैठक कर रणनीति तैयार की. नेताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे अब तक वापस नहीं लिए गए हैं. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए सरकार से छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की.
नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य और छात्रों के अधिकारों के सवाल पर आंदोलन जारी रहेगा. 11 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई. उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाने तक चरणबद्ध तरीके से विरोध जारी रखा जाएगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

