सरायकेला: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर शिक्षाविद सह झामुमो नेता कालीपद सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मंत्री के निधन को झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया.


कालीपद सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ एक ऊर्जावान, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे. उन्होंने सरकार में रहते हुए प्रदेश के विकास और आम जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया. उनकी सक्रियता, स्पष्ट सोच और संगठन के प्रति समर्पण ने उन्हें अलग पहचान दिलाई थी.
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ का असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है. उनके निधन से झारखंड ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया, जिनसे राज्य को भविष्य में भी बहुत अपेक्षाएं थीं. उनका योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा स्मरण किया जाएगा.
कालीपद सोरेन ने दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.

