जमशेदपुर: कोल्हान पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा शुक्रवार को जमशेदपुर आगमन पर पुलिस मुख्यालय में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब तथा जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई.


बैठक में जिले में एनडीपीएस एक्ट, आईटी एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई. डीआईजी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कांडों की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति तथा लंबित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के साथ-साथ अनुसंधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
समीक्षा के दौरान कानून- व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा संवेदनशील मामलों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर दिया गया. डीआईजी ने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और कानून के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो.
बैठक में अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा विभिन्न विशेष अधिनियमों के तहत दर्ज मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जिले में चल रही पुलिस कार्रवाई और अपराध नियंत्रण से संबंधित प्रयासों की जानकारी डीआईजी को दी.

