गम्हरिया: गम्हरिया अंचल कार्यालय परिसर में लगी सोलर स्ट्रीट लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है. तस्वीर में लाइट के सोलर पैनल और लाइट सिस्टम की खराब स्थिति साफ दिखाई दे रही है. महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में महीनों से प्रकाश व्यवस्था ठप रहने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराए जाने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.


अंचल कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम लोग विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचते हैं और जब स्ट्रीट लाइट की यह दशा देख प्रशासन को कोसते हैं. वहीं शाम के समय परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से सुरक्षा और आवागमन को लेकर परेशानी उत्पन्न होती है.
क्या अधिकारियों को दिखाई नहीं देती खराब व्यवस्था?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अंचल कार्यालय से पूरे क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती है, उसी परिसर की खराब स्ट्रीट लाइट पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान क्यों नहीं गया? यदि महीनों से लाइट खराब है तो इसकी मरम्मत के लिए अब तक क्या पहल की गई, यह भी सवालों के घेरे में है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर एक साधारण स्ट्रीट लाइट की मरम्मत तक नहीं हो पा रही है. लोगों ने प्रशासन से तत्काल लाइट की मरम्मत कराने के साथ-साथ पूरे परिसर की प्रकाश व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है.
अब देखना यह है कि तस्वीर सामने आने के बाद प्रशासन की नींद खुलती है या खराब पड़ी यह स्ट्रीट लाइट इसी तरह व्यवस्था की अनदेखी की कहानी बयां करती रहेगी.

