जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा खुद को चाकू से घायल करने का मामला सामने आया है. घटना बोरा फैक्ट्री के पास सुबह करीब 7:30 बजे की है. विवाद के दौरान युवक ने अपनी महिला परिचित पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. हालांकि, मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर महिला को बचा लिया. इसके बाद युवक ने खुद को चाकू से घायल कर लिया.


घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घायल युवक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के रहड़गोड़ा निवासी 45 वर्षीय विजय टोपनो के रूप में हुई है. विजय के अनुसार, वह करीब नौ वर्षों से सरजामदा के लापुंग टोला निवासी एक महिला के संपर्क में था. शुक्रवार सुबह वह महिला से मिलने बोरा फैक्ट्री के पास पहुंचा था. महिला के ड्यूटी जाने के दौरान दोनों के बीच बातचीत को लेकर विवाद हो गया.
विजय का दावा है कि पिछले दो-तीन दिनों से महिला उससे बातचीत नहीं कर रही थी. इसी बात को लेकर वह नाराज था. उसका कहना है कि उसने महिला के बच्चों की पढ़ाई में मदद की और घर बनवाने में भी सहयोग किया था. इसके बावजूद रिश्ते में विवाद बढ़ने से वह काफी आहत था.
विजय ने बताया कि वह टाटा मोटर्स में काम करता है और उसकी एक संतान है. उसने बताया कि वह अपनी पत्नी से अलग हो चुका है. वहीं, महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं. हालांकि, पुलिस ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
घटना के बाद महिला मौके से चली गई, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस महिला और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

