जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागानशाही रोड नंबर 7 निवासी 39 वर्षीय परवेज आलम 6 अगस्त से लापता हैं. परवेज के लापता होने के बाद उनकी पत्नी द्वारा आजादनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद परवेज आलम का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इससे परिजन काफी चिंतित और परेशान हैं.


परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस एवं जिला प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है. लापता परवेज आलम के मामा अली हुसैन ने बताया कि उनका भांजा परवेज नेकदिल और मेहनती इंसान है. उन्होंने कहा कि परवेज के अचानक लापता होने से पूरा परिवार सदमे में है. उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द परवेज आलम को खोज निकालने में मदद करने की अपील की है.
वहीं, परवेज की बहन यासमीन बेगम एवं निगार प्रवीण ने भी मामले को लेकर कई सवाल उठाए हैं. परिजनों के अनुसार, परवेज की जानकारी लेने के लिए 24 वर्षीय साहीबा प्रवीण ने फोन पर अपनी मामी से मामा परवेज के संबंध में जानकारी मांगी थी. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उन्हें कहा गया कि वे परवेज को खोजने वाली नहीं हैं. परिजनों ने दावा किया है कि उक्त बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है.
लापता परवेज की मौसी बेबी फरीदा ने भावुक होते हुए कहा कि उनका बच्चा आखिर कहां चला गया. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को परवेज आलम के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह परिवार अथवा पुलिस को सूचना देकर उनकी तलाश में मदद करे.
परिजनों ने बताया कि वे पुलिस जांच से न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गुमशुदगी के इस मामले पर विशेष ध्यान देते हुए हर पहलू की निष्पक्ष जांच कराई जाए. परिजनों का कहना है कि अगर उन्हें थाना स्तर से न्याय नहीं मिला तो वे वरीय पुलिस अधीक्षक के पास आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाएंगे.
परवेज की बहन के अनुसार, उनका भाई विदेश में रहकर भी काम कर चुका है. वह करीब दो महीने पहले ही सऊदी अरब से भारत लौटकर जमशेदपुर आया था. भारत लौटने के बाद वह जमशेदपुर में पेंटिंग का काम कर रहा था. परिजनों का कहना है कि वह सामान्य रूप से परिवार और कामकाज में लगा हुआ था, लेकिन 6 अगस्त से अचानक उसके लापता हो जाने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है.
लापता परवेज की बहन ने अपनी भाभी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि टिंकू नामक एक युवक का उनके घर पर लगातार आना-जाना लगा रहता था. बहन के अनुसार, जब उनका भाई विदेश में रहकर काम कर रहा था, तब उसकी कमाई का पैसा उसकी पत्नी के बैंक खाते में आता रहा. इसके अलावा परिजनों ने आरोप लगाया कि एक घर की बिक्री से प्राप्त कुछ रुपये भी परवेज की पत्नी के पास हैं.
परिजनों ने इन सभी बातों को लेकर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि परवेज आलम के लापता होने के पीछे की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन से जल्द से जल्द परवेज आलम का पता लगाने की मांग की है.
हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल परिजनों की निगाहें आजादनगर थाना पुलिस की जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

