सरायकेला: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के चांडिल सब-डिवीजन में पदस्थापित लाइनमैन नंद किशोर राय पर स्थानीय उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उपभोक्ताओं का दावा है कि नंद किशोर राय करीब 20-22 वर्षों से चांडिल बाजार और स्टेशन रोड क्षेत्र में ही पदस्थापित हैं. उनका आवास भी चांडिल बाजार में होने के कारण उपभोक्ताओं ने इतने लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में पदस्थापन पर सवाल उठाया है.


उपभोक्ताओं का आरोप है कि लाइनमैन स्वयं काम करने के बजाय निजी मिस्त्री के माध्यम से बिजली संबंधी काम कराते हैं और इसके एवज में उपभोक्ताओं से 500 रुपये तक लिए जाने की शिकायत है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि 33 केवी, 11 केवी या एलटी लाइन में ब्रेकडाउन होने पर कई बार फोन का जवाब नहीं मिलता. घर की लाइन खराब होने या ट्रांसफार्मर का एचटी अथवा एलटी फ्यूज कटने की स्थिति में उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ता है. आरोप है कि पैसे दिए बिना काम और शटडाउन में भी परेशानी होती है.
स्थानीय उपभोक्ताओं का दावा है कि मामले को लेकर अधीक्षण अभियंता, विद्युत अंचल चाईबासा और कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सरायकेला सहित विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
उपभोक्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने और लंबे समय से एक ही क्षेत्र में पदस्थापन की भी समीक्षा करने की मांग की है. मामले में लाइनमैन नंद किशोर राय और बिजली विभाग का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.

