जमशेदपुर: टेल्को थाना पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है. क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की अलग-अलग टीमें दिन और रात विभिन्न इलाकों में गश्त कर रही हैं. साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है.


टेल्को थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि थाना क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया है. टीमें क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से गश्त कर रही हैं और संदिग्ध लोगों तथा गतिविधियों पर नजर रख रही हैं. खासकर नशाखोरी, नशीले पदार्थों के कारोबार, अड्डेबाजी और अपराध से जुड़े लोगों की गतिविधियों की विशेष निगरानी की जा रही है.
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से अड्डेबाजी करने, नशे का सेवन या कारोबार करने तथा किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
फैज अहमद ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की नजर से कोई भी गैरकानूनी गतिविधि छिपी नहीं रहेगी. क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
पुलिस की लगातार गश्त और जांच से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशाखोरी, अड्डेबाजी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट. अफरोज मलिक

