सरायकेला-खरसावां: जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र के रोलाहातु पंचायत के अतरा गांव में मंगलवार को अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा ने किया.


इस दौरान ओपी प्रभारी ने ग्रामीणों को हिंदी और मुंडारी भाषा में अफीम की खेती से होने वाले कानूनी, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अफीम की खेती कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है. ग्रामीणों से अपने आसपास होने वाली ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई.
अभियान के दौरान ग्रामीणों को अफीम की जगह सब्जी, दलहन, तिलहन, मक्का, अदरक, हल्दी सहित अन्य वैध और लाभकारी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की सलाह दी गई.
ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा ने कहा कि पुलिस-प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सही दिशा में आगे बढ़ाना भी है. उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और नशामुक्त व अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की. ग्रामीणों ने भी अफीम की खेती से दूर रहने और प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया.

