जामताड़ा: दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, जुलूस व विसर्जन मार्ग, सीसीटीवी, अग्निशमन, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.


उपायुक्त ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी, पर्याप्त वॉलंटियर्स और आपातकालीन निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर दिया. मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ छापेमारी और विसर्जन स्थलों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया.

पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि पूजा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. वाहन जांच अभियान चलाने, नाबालिग चालकों पर कार्रवाई तथा सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक वीडियो या संदेश फैलाने वालों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी. उन्होंने पूजा समितियों को विसर्जन के दौरान अश्लील गाने, भड़काऊ टिप्पणी और तेज आवाज में डीजे बजाने से बचने का निर्देश दिया. बैठक में एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ वासीम रज़ा समेत प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

