रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. विपक्षी विधायक पोस्टर, बैनर और कथित “रेट चार्ट” लेकर सदन पहुंचे तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.



प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने सरकार से JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
विपक्षी विधायकों ने “हेमंत सरकार होश में आओ”, “छात्रों की सीट बेचना बंद करो”, “नौकरी बेचना बंद करो” और “भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजो” जैसे नारे लगाए. उनका कहना था कि हजारों छात्र लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रही है.
NDA नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन JPSC-JSSC का मुद्दा सदन के भीतर और बाहर प्रमुख राजनीतिक विषय बन गया.





