चाईबासा: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सोनुआ प्रखंड के दिगीलोटा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय इन दिनों कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है. स्थानीय विधायक जगत माझी ने एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिक्षकों से समस्याओं की जानकारी प्राप्त की.



विद्यालय में वर्तमान में सोनुआ और गुदड़ी प्रखंड के कुल 350 छात्र-छात्राएं आवासीय व्यवस्था के साथ अध्ययन कर रहे हैं. इनके शिक्षण के लिए कुल 09 शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थापित हैं. इनमें 06 शिक्षक सोनुआ प्रखंड तथा 03 शिक्षक गुदड़ी प्रखंड के लिए कार्यरत हैं.

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने विधायक को बताया कि विद्यालय के बोरिंग से लाल रंग का पानी निकल रहा है. इससे बच्चों के लिए भोजन बनाने और पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक जगत माझी ने संबंधित विभाग के अभियंता से दूरभाष पर बात कर विद्यालय परिसर के आसपास उपयुक्त स्थान का चयन कर नया बोरिंग कराने का निर्देश दिया.
विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं की कमी, छात्रावास में पर्याप्त बेड नहीं होने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा गया. इस पर विधायक ने उपायुक्त तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया.
निरीक्षण के दौरान विधायक जगत माझी ने विद्यालय की कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया. उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बेहतर शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





