आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी नदी घाट एक बार फिर हादसे का गवाह बना है. रविवार को नदी में बने चेकडैम में स्नान के दौरान एनआईटी बीटेक चौथे वर्ष का छात्र मीर तनवीर हसन गहरे पानी में डूब गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस, स्थानीय लोग और कॉलेज के छात्र घटनास्थल पर पहुंचे. समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था. राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है.


जानकारी के अनुसार मीर तनवीर हसन अपने दो अन्य साथियों के साथ आसंगी नदी घाट पर स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया. साथ मौजूद छात्रों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद तत्काल पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र भी नदी घाट पहुंच गए. छात्र अपने साथी के लापता होने से बेहद व्यथित और आक्रोशित नजर आए. उनका कहना है कि आसंगी नदी घाट पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों के भीतर आसंगी नदी घाट पर डूबने की यह चौथी घटना है. इससे पहले भी चार युवकों की नदी में डूबने से मौत हो चुकी है. लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न तो घाट पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी सुरक्षा व्यवस्था या लाइफगार्ड की तैनाती की गई है.
छात्रों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाट को चिन्हित कर खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने, नियमित निगरानी एवं बचाव दल की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. तनवीर मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बर्धवान का रहनेवाला बताया जा रहा है.

