सरायकेला: जिले के कृष्णापुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अशोक महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया. प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.



ज्ञापन में कहा गया है कि उकरी से शोभापुर, भाया पलासडीह, ऊपरदुगनी और भालुकपहाड़ी तक करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पिछले तीन वर्षों से जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है. इससे स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके कारण हाल ही में बनी पीसीसी सड़क कई स्थानों पर उखड़ने लगी है. वहीं कई जगह सड़क की खुदाई कर अधूरा छोड़ दिए जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. निर्माण कार्य के दौरान उड़ने वाली धूल और जलजमाव से भी लोगों को परेशानी हो रही है.
पंचायत समिति सदस्य अशोक महतो ने उपायुक्त से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





