आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि चार अन्य मजदूर भी घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया है. गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई. विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी. घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ है. हालांकि विस्फोट किस सिलेंडर में हुआ और इसके पीछे तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है. पुलिस ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों का खुलासा होगा और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Video





