जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9.2 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. इस मामले की जानकारी गुरुवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.



ग्रामीण एसपी ने बताया कि 29 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास एवं छापामारी टीम ने कार्रवाई की. सबसे पहले बेको निवासी मतोब महतो उर्फ बुधु महतो के घर में छापेमारी की गई, जहां से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करता था. उसने यह भी खुलासा किया कि दो अन्य तस्कर गांजा लेने उसके घर आने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया और मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए. इस कार्रवाई में कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मतोब महतो उर्फ बुधु महतो (38), निवासी बेको, थाना एमजीएम, जिला पूर्वी सिंहभूम, शंभु गोराई (58) एवं प्राण कृष्ण गोराई (53), दोनों निवासी गंगामन्ना, थाना बंदवान, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है.
इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 85/2026, दिनांक 29 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(b)(ii)(B) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





